मेदिनीनगर (पलामू)
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज जिला कांग्रेस कार्यालय, मेदिनीनगर में गरिमामय वातावरण में झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। झंडोत्तोलन पलामू जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिमला कुमारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी श्री विनय सिन्हा ‘दीपू’ की विशेष एवं गरिमामयी उपस्थिति रही।
झंडोत्तोलन के पश्चात आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिमला कुमारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि आज़ादी की लड़ाई से लेकर संविधान निर्माण और सामाजिक न्याय तक देश की लोकतांत्रिक चेतना की वाहक रही है। उन्होंने कहा कि 140 वर्षों की यह यात्रा त्याग, संघर्ष और राष्ट्रनिर्माण की कहानी है। कांग्रेस ने हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों की आवाज़ को मजबूती से उठाया है और आगे भी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला प्रभारी विनय सिन्हा ‘दीपू’ ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि कांग्रेस का 140 वर्षों का इतिहास सत्ता की राजनीति का नहीं, बल्कि सेवा, बलिदान और लोकतंत्र को मजबूत करने का इतिहास है। उन्होंने कहा कि आज जब संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और असहमति की आवाज़ को दबाने की कोशिशें हो रही हैं, ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास, उसकी विचारधारा और स्वतंत्रता संग्राम से लेकर समकालीन संघर्षों तक के योगदान को स्मरण करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने तथा जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संकल्प लिया।
स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिमला कुमारी द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को संगठन के प्रति उनके दीर्घकालीन योगदान, संघर्ष और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सोमेश्वर प्रसाद,दीनानाथ तिवारी, सत्यानंद दुबे, कामेश्वर तिवारी,विजय चौबे,विनोद तिवारी,ओमप्रकाश अमन,घूरा तिवारी,सत्येंद्र सिंह,मिथिलेश सिंह,रामानंद पाठक,रुद्र शुक्ला,मनोज गुप्ता,गोपाल त्रिपाठी,राजेश चौरसिया,रंजन दुबे,मुन्ना खान,गुलाम नबी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

