विश्रामपुर (पलामू)
विश्रामपुर रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय परिसर स्थित जरासंध स्टेडियम में विशाल शिव गुरु चर्चा का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह स्थानीय विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ईश्वर सागर चंद्रवंशी उर्फ मुन्ना चंद्रवंशी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह विधायक के जिला प्रतिनिधि रामचंद्र यादव आदि ने संयुक्त रूप से शिव गुरु चर्चा के संस्थापक हरींद्रा नंद व नीलम दीदी के तस्वीर के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजित शिव गुरु चर्चा कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ईश्वर सागर चंद्रवंशी उर्फ मुन्ना चंद्रवंशी व संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र यादव ने की।
बतौर मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि शिव जगत गुरू है, संसार के जितने भी लोग है सभी उनके शिष्य हैं। हम सदियों से उनका भगवान भाव से पूजा अर्चना करते आ रहे हैं। यदि हम उन्हें गुरू भाव से याचना पूर्वक दया मांगे तो हमारा कल्याण निश्चित होगा। यदि इस संसार के एक-एक लोग उन्हें शिष्य बनकर गुरु भाव दे तो पूरे जगत का कल्याण निश्चित रूप से सुगमता से हो जायेगा। हमलोगों का पहला कार्य है। अपने आसपास के लोगों को प्रेरित कर उन्हें भी जागृत करना है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सब कुछ देते हैं तो
ज्ञान भी देंगे। अगर हम उनसे गुरु भाव से याचना पूर्वक दया मांगें तो हमारा कल्याण निश्चित होगा।
वहीं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ईश्वर सागर चंद्रवंशी उर्फ मुन्ना चंद्रवंशी ने कहा कि भगवान शिव त्रिकालदर्शी, अंतर्यामी, अजर-अमर अविनाशी हैं। वे सारे संसार के गुरु हैं। भगवान शिव ऐसे देव हैं जिनकी पूजा-आराधना से सभी प्रकार के कष्टों का शमन होता है। थोड़ी सी श्रद्धा व भक्ति के साथ की गई पूजा-अर्चना से महादेव तुरंत प्रसन्न हो जाते हैं। कहां कि शिव चर्चा तीन सूत्रों पर आधारित है। पहला सूत्र भगवान शिव से दया मांगना है कि हे शिव हम पर दया करे तथा हमें अपने शरण में ले। दूसरा सूत्र अपने आस पास के लोगों से शिव चर्चा करना व कराना। वहीं तीसरा सूत्र 108 वार ओम नमः शिवाय का जाप करना है। शिव गुरु चर्चा कार्यक्रम में शिव भक्तों के द्वारा भजन कीर्तन किया गया। जहां पलामू जिला सहित गढ़वा, लातेहार व छत्तीसगढ़ उत्तरप्रदेश से भी लोग शामिल होकर भजन कीर्तन किया।
मौके पर जिला प्रतिनिधि रामचंद्र यादव, विश्रामपुर प्रतिनिधि राजन पांडेय, भोला चंद्रवंशी, शिव परिवार के एस कुमार, उर्मिला कुमारी, यमुना प्रसाद, पंचम जी, राम प्रवेश जी, राजेश प्रसाद, आलोक कुमार, कमल जी, आशीष पांडेय, धर्मेन्द्र कुमार, चंदन कुमार, राहुल कुमार सहित हजारों की संख्या में शिव भक्त शामिल थे।