मेदिनीनगर (पलामू)
स्वयं सहायता समूहों के लंबित बैंक खाते एक माह के भीतर खोलने का निर्देश, लखपति किसान योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर तीन प्रखंडों से स्पष्टीकरण
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के पलाश कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में कृषि आधारित आजीविका, उद्यमिता विकास, बैंक लिंकेज एवं स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण से संबंधित कार्यों की प्रखंडवार समीक्षा की गयी।
बैठक के दौरान पिछले माह निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त श्री शेखावत ने वित्तीय समावेशन एवं बैंक लिंकेज के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। समीक्षा में पाया गया कि कई प्रखंडों में स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खोलने एवं प्रथम बैंक लिंकेज की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने लोकोस पोर्टल की रिपोर्ट के आधार पर अब तक बैंक खाते नहीं खुलवाने वाले स्वयं सहायता समूहों के खाते एक माह के भीतर खुलवाने तथा सभी समूहों की दीदियों का आधार आधारित ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
लखपति किसान योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पूर्व निर्धारित 1.75 लाख के लक्ष्य के विरुद्ध चालू वित्तीय वर्ष के लिए 95,826 का संभावित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुरूप अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर डीसी ने चैनपुर, हुसैनाबाद एवं पांडू प्रखंड से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभुकों को बीमा राशि के प्रतीकात्मक भुगतान स्वरूप डमी चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने तथा बीमा एवं वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
बैठक का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) अनीता सी. केरकेट्टा ने किया। मौके पर जिला प्रबंधक अख्तर अंसारी, मिथिलेश कुमार, विकास खलखो, प्रवीण सिंह सहित सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक नवनीत पाण्डेय, धनंजय कुमार, पिंकी सिंह एवं संतोष कुमार उपस्थित थे।

