हरिहरगंज में तीन दिनों से लगातार बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त, 24 घंटे से बिजली गुल

हरिहरगंज (पलामू)

चक्रवात अर्बन का असर हरिहरगंज प्रखंड में जोरदार तरीके से देखने को मिल रहा है। पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं, और बाजारों में सन्नाटा पसरा है। दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। वहीं यह बारिश किसानों के लिए दोहरी मार लेकर आई है। एक तरफ जहां दिन -रात हो रही बारिश से धान की फसल खराब हो रही है, वहीं आलू और सब्जी की खेती को भी काफी नुकसान पहुंच रहा है। हालांकि चना, मसूर,सरसों और अरहर जैसी रबी फसलों की बुआई के लिए यह बारिश लाभकारी बताई जा रही है।
उधर खराब मौसम के बीच क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहरी और ग्रामीण इलाकों में पिछले 24 घंटे से अधिक समय से बिजली गुल है। ब्लैकआउट के कारण लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है, साथ ही मोबाइल चार्ज और पेयजल की समस्या भी गहरा गई है। स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

Leave a Reply