हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज थाना पुलिस ने उग्रवादी कांड में लंबे समय से फरार चल रहे दो फरार नक्सलियों के घर पर सोमवार को ढोल बजाकर इश्तेहार चिपकाया । इसमें फरार चल रहे दोनों उग्रवादियों से शीघ्र आत्मसमर्पण करने को कहा गया है। जिन उग्रवादियों के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया है उनमें बिहार के गया जिले के मैगरा थाना अंतर्गत तरवाडीह गांव निवासी नीतीश यादव तथा पलामू जिले के मोहमदगंज थाना क्षेत्र के माहुर टोला भौंरही निवासी इम्तेयाज अंसारी का नाम शामिल है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने की है । पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि दोनों नक्सली के खिलाफ हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 28/25 में कूलहिया पंचायत के जगदीशपुर गांव में सड़क निर्माण कार्य में लगे हाइवा वाहन जलाने और लेवी मांगने सहित विभिन्न संगीन धाराओं के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। । इसको लेकर न्यायिक दंडाधिकारी पलामू ने इश्तेहार जारी किया है। साथ ही निर्धारित तिथि के अंतर्गत अदालत में हाजिर होने का निर्देश दिया है। बताया गया कि न्यायालय में हाजिर नहीं होने पर कुर्की- जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। अभियान में एसआई हेमंती बास्के, संजय सिंह एएसआई मोहम्मद जावेद सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

