हरिहरगंज में बिजली संकट पर विद्युत सब स्टेशन पर धरना -प्रदर्शन

आक्रोश मार्च निकालकर पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा, अधिकारियों ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

हरिहरगंज (पलामू )

हरिहरगंज क्षेत्र में अनियमित बिजली आपूर्ति, लो वोल्टेज और लगातार बढ़ रही बिजली संबंधी समस्याओं के विरोध में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने आक्रोश मार्च निकालकर विद्युत सब स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन किया । प्रदर्शनकारियों ने पांच सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी । आक्रोश मार्च की शुरुआत अररुआ खुर्द मध्य विद्यालय मैदान से हुई । हाथों में तख्तियां लिए प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए मुख्य सड़क से गुजरते हुए पावर सब स्टेशन पहुंचे । जहां मुख्य गेट के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया । प्रदर्शन में कई किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर आक्रोश मार्च में शामिल हुए । इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । धरना को संबोधित करते हुए राजीव रंजन ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र की जनता महीनों से अनियमित बिजली आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या झेल रही है । इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई, छोटे व्यवसायियों के रोजगार और किसानों की खेती पर पड़ रहा है । उन्होंने कहा कि पर्याप्त बारिश नहीं होने से धान के बिचड़े सूख रहे हैं और धान रोपाई का कार्य प्रभावित है। शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जन आंदोलन और व्यापक होगा । प्रदर्शन की सूचना पर सहायक विद्युत अभियंता गुणवंत कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे । अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया जिसके बाद धरना समाप्त हुआ ‌। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को सौंपे पांच सूत्री मांगपत्र में ढकचा, सलैया एवं सरसोत पंचायत को नौडीहा के मायापुर ग्रिड से जोड़ने, मायापुर एवं रूदवा पावर ग्रिड को अविलंब चालू करने, प्रखंड के लिए अतिरिक्त शहरी व ग्रामीण विद्युत सब स्टेशन शुरू करने, 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जर्जर तार और बिजली पोल को तत्काल बदलने की मांग की । कार्यक्रम का संचालन अखिलेश मेहता ने किया । धरना -प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि जानू चौधरी, मृत्युंजय सिंह, अजय सिंह, वार्ड पार्षद बाबू भाई, कृष्ण कुमार क्रांतिकारी, अनुज कुमार, सनोज गुप्ता, त्रिपुरारी राम, डॉ. प्रमोद कुमार, विश्वदीप कुमार, अवधेश मेहता, सत्येंद्र पासवान, रामजन्म मेहता, संजय पासवान,विजय प्रजापति, संजय जायसवाल, शंभू यादव,मुन्ना मेहता,पपु सिंह,संतोष गुप्ता, मुकेश मेहता, अरुण सिंह, वासुदेव राम, मो. एजाज, रामवृक्ष मस्ताना, शंकर चौधरी, विनोद, दिनेश पासवान सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे ।

Leave a Reply