मेदिनीनगर (पलामू)
पलामू जिला खाद्य आपूर्ति विभाग में पदाधिकारियों की कमी है, सिर्फ एक आपूर्ति पदाधिकारी विभाग में नियमित रूप से कार्यरत हैं। कार्य को संपादित करने को लेकर दूसरे विभाग के कर्मियों को जिला आपूर्ति कार्यालय के द्वारा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जो कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहा है। प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी जो दुसरे विभाग से पदस्थापित हैं उनके ऊपर अपने विभाग का कार्य देखते हुए अन्य दो से तीन प्रखंडों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रभार में बने हुए हैं। इस बाबत नावाबाजार प्रखंड के पूर्व जिला परिषद अनुज राम के द्वारा पलामू उपायुक्त को आवेदन पत्र देते हुए शिकायत की है। आवेदन में उल्लेखित किया गया है कि तरहसी प्रखंड के जनसेवक ललन पासवान, जिनके ऊपर अपने विभाग के साथ-साथ तरहसी प्रखंड के दो पंचायत उदयपुर वन और पाठक पगार में पंचायत सचिव का भी अतिरिक्त प्रभार हैं। इन्हें तरहसी प्रखंड के लिए गोदाम मैनेजर का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इतना हीं पाटन और पांकी प्रखंड के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का भी अतिरिक्त प्रभार इन्हें दिया गया है।
वहीं संजय कुमार जो छतरपुर प्रखंड में सहकारिता पदाधिकारी रुप में पदस्थापित हैं। जिला आपूर्ति कार्यालय के पदाधिकारीयों के नजरों में काफी तेज-तर्रार जाने जाते हैं। जिसके कारण इन्हें अपने विभागिय कार्य को करते हुए नावाबाजार और पंडवा प्रखंड के लिए आपूर्ति पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। साथ हीं संजय कुमार नावाबाजार और पंड़वा प्रखंड में प्रभारी गोदाम मैनेजर के रुप में भी कार्य कर रहे हैं।
वहीं अभिषेक कुमार चैनपुर प्रखंड में जन सेवक के पद पर कार्यरत हैं। जिला खाद्य आपूर्ति कार्यालय में इनका नाम भी ईमानदार और तेजतर्रार कर्मी के रूप जाना जाता है। चैनपुर प्रखंड में अपने विभागीय कार्यों के साथ साथ चैनपुर और रामगढ़ प्रखंड के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इनके ऊपर भी कई गंभीर आरोप पूर्व में लगे हैं। जिसकी जांच की प्रक्रिया लंबित है।
बताया कि यह सब जिला खाद आपूर्ति कार्यालय की एक सोची समझी साजिश के तहत भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने को लेकर कार्य किया जा रहा है। पूर्व में भी कई जन सेवा को अतिरिक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का प्रभार दिया गया था। जिनके द्वारा लाखों रुपए का गबन किया गया। कई लोगों पर आज भी विभागीय कार्रवाई और न्यायालय में मामला लंबित है।
अनुज राम के द्वारा पलामू उपायुक्त को आवेदन देते हुए इस पर गंभीरता पूर्वक ध्यान देते हुए उचित कार्रवाई की अपील किया है। पूर्व में पड़वा और नावाबाजार प्रखंड में खाद्यान्न घोटाला और गोदाम के गोदाम मैनेजर के द्वारा हजारों क्विंटल विभाग का किया गया है। पुन: इस तरह का कार्य न हो इसके पूर्व सजग होने की बातें कही हैं।

