मेदिनीनगर (पलामू)
मोहर्रम पर्व के मद्देनज़र जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने हेतु जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी ने गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया। लगभग 200 किलोमीटर तक चले इस दौरे के दौरान दोनों पदाधिकारियों ने पाटन प्रखंड के पल्हेकला सहित छतरपुर, हुसैनाबाद, हैदरनगर, मोहम्मदगंज, उंटारी रोड एवं विश्रामपुर थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।
भ्रमण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, धार्मिक नेताओं एवं अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं पारंपरिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि पलामू की पहचान आपसी सद्भाव एवं सामाजिक एकता की रही है। सभी समुदायों के सहयोग से प्रत्येक पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होता रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक श्री चौधरी ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने आमजनों से प्रशासन का सहयोग करने एवं शांति बनाए रखने की अपील की।
भ्रमण के दौरान दोनों पदाधिकारियों ने संबंधित सीओ व थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि मोहर्रम पर्व जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

