बारियातू (लातेहार)
बारियातू थाना पुलिस ने अमरवाडीह पंचायत के बानालात गांव में कार्रवाई करते हुए राहुल सिंह गिरोह के तीन सदस्यों को एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोलानाथ गंझू उर्फ भोला उर्फ भोला कुमार, बिनोद कुमार गंझू एवं फलीन्दर गंझू के रूप में हुई है।
रविवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बालूमाथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि बानालात स्थित डुगु इंडस्ट्रीज (स्टोन क्रशर) के पीछे राहुल सिंह गिरोह के कुछ सदस्य माइंस एवं क्रशर में आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बानालात गांव स्थित डुगु इंडस्ट्रीज के पीछे छापेमारी की और राहुल सिंह गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से एक देशी पिस्टल, 7.65 बोर के दो जिंदा कारतूस, चंदवा थाना क्षेत्र से लूटी गई एक होंडा साइन मोटरसाइकिल, भगिया पंचायत के मुखिया से रंगदारी मांगने में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन तथा लूटे गए दो अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने 8 जून 2026 को हजारीबाग जिले के पगार ओपी क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा लातेहार जिले में भी इनके खिलाफ विभिन्न आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। तीनों आरोपितों के विरुद्ध बारियातू एवं टंडवा थाना में पूर्व से भी कई मामले दर्ज हैं।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी एवं जवान
इस अभियान में बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार, अनुप कुमार, अमित कुमार, धीरज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक छोटू पंडा, खुशदिल अंसारी, कमलाकांत हजाम, आरक्षी राहुल दुबे, तकनीकी शाखा लातेहार के कर्मी, रिजर्व गार्ड तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

