सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में 184 कंठों से गूंजा वंदे मातरम्, नमामि भारतम् कार्यक्रम संपन्न

हरिहरगंज (पलामू)

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान नई दिल्ली के आह्वान पर देशभर में आयोजित ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर हरिहरगंज में शुक्रवार को सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रांगण में पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में 184 भैया-बहन, आचार्य, अभिभावक एवं नगर के गणमान्य लोगों ने एक स्वर, एक लय में वंदे मातरम् का सस्वर गायन कर राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। कार्यक्रम पर्यवेक्षक संजय कुमार सिंह, शिक्षक उज्जवल प्रसाद, साक्षी भोला प्रसाद गुप्ता एवं कार्यक्रम संयोजक मोहन ठाकुर की देखरेख में संपन्न हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजयेन्द्र प्रसाद ने बताया कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रभावना का प्रतीक है। विद्या भारती द्वारा इस ऐतिहासिक अवसर को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे देश में एक साथ एक करोड़ से अधिक लोगों द्वारा सामूहिक गायन का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने बताया कि हरिहरगंज इकाई ने भी इस राष्ट्रव्यापी अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में आचार्य संजय कुमार सिंह, हंसराज गुप्ता, नीलिमा मेहता, प्रियंका कुमारी, विभा कुमारी, मनीषा कुमारी, सोनम कुमारी एवं कशिश कुमारी का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply