हरिहरगंज (पलामू )
अखिल भारतीय किसान सभा एवं खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले किसान-मजदूरों ने भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रखंड कार्यालय का घेराव कर बीडीओ और सीओ के नाम 20 सूत्री मांग पत्र सौंपा तथा विभिन्न मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। संगठन के राष्ट्रीय सचिव केडी सिंह और खेत मजदूर यूनियन के अध्यक्ष जनेश्वर भुईयां द्वारा जारी मांग पत्र में गांवों में शिविर लगाकर जमीन का म्यूटेशन व ऑनलाइन रसीद निर्गत करने, किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, इंजीनियरिंग एवं डिग्री कॉलेज के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा गैरमजरूआ जमीन पर काबिज गरीब परिवारों को बासगीत पर्चा देने सहित आदि मांग शामिल है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में घूसखोरी पर रोक, प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण, मनरेगा मजदूरों का समय पर भुगतान, कृषि ऋण सीमा बढ़ाने, महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय निर्माण और छोटकी कैनाल की सफाई की मांग भी उठाई गई। कार्यक्रम में अमेन्द्र पासवान, रामवृक्ष मेहता, प्रसाद भुईयां ,विमल भुईयां , शिवपूजन भुईयां,रामप्रवेश भुईयां,उर्मिला देवी प्रमिला देवी जगिया देवी कौशल्या देवी सुमित्रा देवी सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर शामिल थे।

