हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कौवाखोह स्थित फोरलेन सड़क के टोल प्लाजा पर शनिवार को ऐंटी क्राइम व स्पेशल ट्रैफिक चेकिंग अभियान चलाया गया। एसआई हेमंती बास्के के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में दर्जनों दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान एक चारपहिया वाहन के विंड ग्लास पर लगे ब्लैक फिल्म को हटाया गया। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर क्षेत्र में अपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने, वारंटियों की गिरफ्तारी, अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के साथ ही आम लोगों में सुरक्षा का माहौल कायम करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच अभियान में पथरा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह एएसआई अभय कुमार त्रिपाठी, शहंशाह आलम सिद्दीकी , राजेश बैठा सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल थे।

