हरिहरगंज (पलामू)
शहरी क्षेत्र के भगत तेंदुआ स्थित अपना इंडेन ग्रामीण वितरक के गैस गोदाम से 275 गैस भरा हुआ सिलेंडर चोरी का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में बिहार के औरंगाबाद जिले के माली थाना अंतर्गत रतनपुरा निवासी प्रोपराइटर दीपक कुमार ने हरिहरगंज थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 19 मई की शाम उनका स्टाफ रतनपुरा निवासी अनुज कुमार गोदाम बंद कर अपने घर चला गया था। 20 मई की दोपहर 1 बजे दुकान के चहारदीवारी में लगा छोटा गेट का ताला खोलकर अंदर गया। तो बड़ा गेट का ताला टूटा पाया। साथ ही गोदाम में रखा हुआ गैस से भरा हुआ 275 सिलेंडर गायब पाया। प्रोपराइटर दीपक कुमार ने बताया कि 27 अप्रैल को मुजफ्फरपुर डिपो से एक ट्रक गैस से भरा सिलेंडर आया था। घटना की सूचना मिलते ही एसआई संतोष कुमार एएसआई एके त्रिपाठी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। उधर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि इंडेन गैस वितरक दीपक कुमार द्वारा 275 सिलेंडर चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

