बारियातू (लातेहार):
बारियातू थाना पुलिस ने गुरुवार को एनडीपीएस एक्ट के दो फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि बारियातू थाना कांड संख्या 5/23 के प्राथमिक अभियुक्त उमेश यादव (46) पिता स्व. सामोधी यादव तथा थाना कांड संख्या 3/26 के अभियुक्त सुरेश यादव (48) पिता स्व. सामोधी यादव अपने घर में छिपकर रह रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूभांग पंचायत के इंदुआ गांव पहुंची, जहां अभियुक्तों के घर पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान दोनों अभियुक्त पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों को थाना लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ के बाद कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों को लातेहार जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों अभियुक्तों पर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस का लगातार छापामारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
छापामारी दल में थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, एसआई जितेंद्र कुमार, एएसआई छोटू पंडा सहित कई पुलिस जवान शामिल थे।

