बरवाडीह (लातेहार)
प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, बरवाडीह परिसर में चल रहे अतिरिक्त भवन निर्माण कार्य में अनियमितता को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद पत्रकारों को धमकी एवं अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों में रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर समाचार प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद निर्माण कार्य से जुड़े पेटी कॉन्ट्रैक्टर ने सांसद प्रतिनिधि के मोबाइल पर फोन कर पत्रकारों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज और धमकी दी। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान पेटी कॉन्ट्रैक्टर द्वारा कही गई पूरी बात मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी कर ली गई है। घटना को गंभीरता से लेते हुए पत्रकारों ने बरवाडीह थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की जांच करते हुए दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों का कहना है कि समाचार प्रकाशित करने के कारण इस प्रकार की धमकी एवं दबाव बनाने का प्रयास लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में पत्रकारों के साथ इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों। मौके पर संजय कुमार, अर्जुन विश्वकर्मा, तस्लीम खान, शशि शेखर, सूरज कुमार, रवि गुप्ता, प्रमोद कुमार ठाकुर, अख्तर अंसारी, अकरम अंसारी, संतोष कुमार सिंह, सुमित कुमार, पंकज गिरी, मयंक विश्वकर्मा समेत कई पत्रकार मौजूद थे।

