खड़े वाहन में बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक सवार गंभीर

हरिहरगंज (पलामू )

हरिहरगंज थाना क्षेत्र के अररुआ खुर्द मिडिल स्कूल के समीप एनएच-98 पर मंगलवार की रात एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने सड़क किनारे पहले से खड़े वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई । घायल युवक की पहचान सीमावर्ती बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत अंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव निवासी किशोर पासवान के 29 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है । हादसे में युवक के नाक, मुंह व सिर में गंभीर चोट लगने से वह खून से लथपथ हो गया । घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई । गश्ती कर रही पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायल को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया । जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया ।

Leave a Reply