बरवाडीह में आईसीएसई 10वीं की ऐतिहासिक सफलता पर शांति निकेतन स्कूल की भव्य विजय शोभायात्रा

बरवाडीह (लातेहार)

आईसीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम और रिकॉर्ड तोड़ सफलता की खुशी में शनिवार को शांति निकेतन पब्लिक स्कूल द्वारा भव्य विजय शोभायात्रा निकाली गई। इस वर्ष विद्यालय की छात्रा प्रिंसी कुमारी ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर लातेहार जिले में प्रथम तथा पलामू प्रमंडल में द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही 14 अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर टॉप-14 में स्थान बनाते हुए विद्यालय और पूरे बरवाडीह क्षेत्र का नाम रोशन किया। शोभायात्रा की शुरुआत स्कूल परिसर से हुई, जहां विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. पवन कुमार और प्राचार्य शांतनु डे ने सभी टॉपर्स को तिलक लगाकर पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
इसके बाद फूल-मालाओं से सजे वाहनों में सवार छात्र-छात्राओं के साथ शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर निकली। बैंड-बाजे की धुन पर उत्साहित विद्यार्थी नाचते-गाते अपनी खुशी का इजहार करते रहे। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने जुलूस का गर्मजोशी से स्वागत किया।इस दौरान बरवाडीह आंबेडकर चौक पर विशेष अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जहां विधायक रामचंद्र सिंह, जिप सदस्य संतोषी शेखर, डीएसपी भरत राम, सीओ लवकेश सिंह और थाना प्रभारी अनुराग कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने टॉपर्स को मिठाई खिलाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मौके पर विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों के सामने संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने शिक्षा को समाज और देश बदलने का सबसे बड़ा हथियार बताते हुए छात्रों को निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
जिप सदस्य संतोषी शेखर ने विद्यालय की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे पलामू प्रमंडल के लिए गर्व की बात है। वहीं, डायरेक्टर डॉ. पवन कुमार ने कहा कि यह सफलता केवल उत्सव नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्रतिभा का परिचायक है, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का संयुक्त योगदान है।
शोभायात्रा बरवाडीह बाजार, आदर्श नगर, गढ़वाटांड़, बाबा चौक, रेलवे कॉलोनी और विवेकानंद चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान समाजसेवी अनिल सिंह ने भी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में शिक्षक उमाशंकर उपाध्याय, राहुल सरकार, शंकर कुमार, विश्वजीत कुमार, रंजीत कुमार, रानी कुमारी, स्नेहा कुमारी, फातिमा परवीन, शिवांगी कुमारी, आरफा परवीन, फिरोज अहमद सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply