मुल्क में अमन-चैन व देश की तरक्की के लिए मांगी गई दुआ
बारियातू (लातेहार)
प्रखंड मुख्यालय सहित इटके, शिबला, साल्वे, रत्नादाग, फुलसु,बठेट,नावाडीह समेत विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज बड़े ही अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की गई। निर्धारित समय पर नमाज अदा कर लोगों ने मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और देश की तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगीं।ईद के मौके पर पूरे प्रखंड क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थाना प्रभारी रंजन पासवान अपने दल-बल के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे। वहीं प्रखंड प्रशासन द्वारा सभी प्रमुख ईदगाहों एवं मस्जिदों में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, जिससे नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। साथ ही अपने-अपने सामर्थ्य के अनुसार गरीबों और जरूरतमंदों के बीच दान-पुण्य कर भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने भी ईद की खुशियां पूरे जोश के साथ मनाईं।
नमाज से पूर्व मस्जिदों के इमामों ने रमजान माह और ईद-उल-फितर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पवित्र महीना अल्लाह की रहमतों और बरकतों से भरा होता है। इस दौरान की गई इबादत और मांगी गई दुआएं जल्द कबूल होती हैं। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, सौहार्द और इंसानियत के रास्ते पर चलने की अपील की।

