बेतला (लातेहार)
झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बेतला नेशनल पार्क में ईद और सरहुल पर्व के अवसर पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। छुट्टियों और त्योहारों के इस खास मौके पर राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां प्रकृति का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
पार्क के भीतर स्थित होटल वन विहार पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बनाए गए बम्बू हाउस लोगों को खासा लुभा रहे हैं। प्राकृतिक वातावरण के बीच बने इन बम्बू हाउस में पर्यटक ठहरने के साथ-साथ सेल्फी लेना भी खूब पसंद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर इनकी तस्वीरें तेजी से साझा की जा रही हैं, जिससे इस स्थान की लोकप्रियता और बढ़ गई है।
होटल वन विहार के मैनेजर रंजीत सिन्हा पर्यटकों की सुविधा और सेवा में पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा गया है, ताकि आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। साफ-सफाई, खान-पान और ठहरने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं, पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार अपने दल-बल के साथ लगातार गश्त कर रहे हैं। न्यू पेट्रोलिंग वाहन के माध्यम से पूरे क्षेत्र में पैनी नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
त्योहारों के इस मौके पर बेतला नेशनल पार्क में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र में पर्यटन को नई ऊर्जा दी है और स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ पहुंचाया है।

