बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड में बीडीओ रेशमा रेखा मिंज की संवेदनशील और सराहनीय पहल एक बार फिर सामने आई है। उनके प्रयास से दिव्यांगजनों को जरूरी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और सम्मान का भाव बढ़ रहा है। इसी कड़ी में प्रखंड के दिव्यांग अनुप सिंह और अरुण सिंह को व्हीलचेयर प्रदान की गई, जिसे पाकर दोनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
व्हीलचेयर मिलने के बाद अनुप सिंह और अरुण सिंह ने बताया कि अब उन्हें दैनिक कार्यों में काफी सहूलियत होगी। पहले जहां उन्हें चलने-फिरने में दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब वे स्वयं बाहर आ-जा सकेंगे और अपने काम आसानी से कर पाएंगे। दोनों ने इस सहयोग के लिए बीडीओ रेशमा रेखा मिंज और प्रखंड प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बीडीओ रेशमा रेखा मिंज ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकार की योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुंचे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद दिव्यांगजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

