लालगढ़ कोयल नदी तट पर उमड़ा जनसैलाब, विशाल पिकनिक समारोह बना सामाजिक एकता की मिसाल

विश्रामपुर (पलामू )

विश्रामपुर प्रखंड अंतर्गत लालगढ़ कोयल नदी के मनोरम तट पर स्थित खेल मैदान में आयोजित विशाल पिकनिक समारोह क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बना रहा। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आयोजित इस भव्य आयोजन में गांव समाज के लोगों के साथ-साथ प्रखंड क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित, गणमान्य एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस पिकनिक समारोह का सफल आयोजन शनि कुमार, सुर्यमल राम, बुल्लू कुमार, रमेश कुमार, प्रदोष चंद्रवंशी सहित लालगढ़ गांव के अन्य प्रतिष्ठित एवं जागरूक ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से किया गया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही लोगों का आना-जाना शुरू हो गया।
समारोह में विश्रामपुर जिला परिषद सदस्य विजय रविदास, पंचायत समिति सदस्य सूर्यमल राम, दयाल विश्वकर्मा, राधेश्याम चौधरी, भाजपा नेता सुनील पांडेय, कुश ओझा, पार्श्व गायक शेरे झारखंड के नाम से विख्यात शिव चौधरी, डबल सिंह, क्षितिज सिंह सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। जहां शामिल प्रतिष्ठित अतिथियों ने कहा कि लालगढ़ गांव में आयोजित होने वाला पिकनिक हर वर्ष सामाजिक समरसता की एक ऐतिहासिक मिसाल पेश करता है। यहां किसी जाति, वर्ग या विचारधारा का कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक साथ पंगत में बैठकर पारंपरिक व्यंजन लिट्टी-चोखा का आनंद लेते हैं, जो इस आयोजन को विशेष पहचान देता है।
अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द को मजबूत करते हैं। आज जब समाज विभिन्न स्तरों पर बंटाव का सामना कर रहा है, ऐसे में लालगढ़ का यह पिकनिक समारोह सामाजिक एकता का संदेश देता है और नई पीढ़ी को आपसी सहयोग व सद्भाव की सीख प्रदान करता है।
पिकनिक के दौरान बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने एक-दूसरे से मिलकर हालचाल जाना, सामूहिक भोज का आनंद लिया और आयोजन की सराहना की। पूरे क्षेत्र में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
ग्रामीणों ने कहा कि भविष्य में भी इस परंपरा को और भव्य स्वरूप दिया जाएगा ताकि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की यह मिसाल आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सके।

Leave a Reply