रांची (झारखंड)
नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विभिन्न विभागों के वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) पदाधिकारियों ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सौजन्य भेंट की और उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी अधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में पूरी निष्ठा और सेवा-भावना के साथ योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नया वर्ष झारखंड के विकास कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लेकर आए, ताकि राज्य की जनता को सुशासन और समृद्धि का वास्तविक लाभ मिल सके।
इस अवसर पर विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण) अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव (उच्च एवं तकनीकी शिक्षा) राहुल कुमार पुरवार, सचिव (पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य) मनोज कुमार, सचिव (महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा) मनोज कुमार, सचिव (व्यय), वित्त विभाग अबू इमरान, आयुक्त (वाणिज्य कर) अमित कुमार तथा आयुक्त (मनरेगा) मृत्यंजय वर्णवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा उपायुक्त पलामू समीरा एस, गिरिडीह रामनिवास यादव, खूंटी आर. रॉनीटा, चतरा कीर्तिश्री, लातेहार उत्कर्ष गुप्ता, गुमला प्रेरणा दीक्षित और रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज , डीआइजी कार्मिक सुरेन्द्र झा भी मौजूद थे।

