बारियातू (लातेहार)
प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में जर्जर सड़क और दिन-रात भारी वाहनों के आवागमन से उड़ रहे धूलकण से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी एवं थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास को आवेदन सौंपकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं भारी वाहनों के गुजरने से सड़क पर जमा धूल लगातार उड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार धूलकण से दुकानदारों, राहगीरों, स्कूली बच्चों, बाइक व कार चालकों समेत पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। धूल के कारण आंखों में जलन, एलर्जी और सांस लेने में परेशानी जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
आवेदन में ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, सड़क किनारे जमा मिट्टी व धूल की नियमित सफाई तथा धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है। साथ ही गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थायी मरम्मत कराने और कार्य में विलंब होने पर संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की स्थायी मरम्मत होने तक धूल नियंत्रण के लिए अंतरिम व्यवस्था की जाए। भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। ज्ञात हो कि जर्जर सड़क एवं उड़ते धूलकण से निजात की मांग को लेकर 24 सितंबर को शांति मार्च निकाला जाएगा। आवेदन सौंपने में मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि राकेश कुमार समाजसेवी बिरेंद्र पासवान,मनिष कुमार, नन्दू उरांव, नविन कुमार, गोलू पासवान सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

