सतगांवा में जमीन विवाद, फर्जी सुधारनामा व रद्द केवाला के आधार पर डिमांड खोलने का आरोप

हरिहरगंज (पलामू )

नगर पंचायत क्षेत्र के सतगांवा मौजा अंतर्गत खाता संख्या 100/213 के विभिन्न प्लॉटों की करीब 4.98 एकड़ भूमि को लेकर विवाद का मामला सामने आया है । खतियानी रैयत के वंशजों ने अंचल कार्यालय में आवेदन देकर फर्जी सुधारनामा और रद्द केवाला के आधार पर ऑनलाइन डिमांड खोलने का आरोप लगाया है । आवेदनकर्ताओं के अनुसार पुराना खाता नंबर 100 के प्लॉट 311, 312 तथा नया खाता 213 के प्लॉट 387, 422 की कुल 33 डिसमिल भूमि से संबंधित दाखिल-खारिज वाद संख्या 130 आर27/1986-87 और जमाबंदी अद्यतन वाद संख्या 114/2025-26 के क्रम में गलत तरीके से सुधारनामा किया गया । आरोप है कि उनके जीवित दादा को मृत घोषित कर प्लॉट 130 की जगह 312 तथा 188 की जगह 311 दर्ज कर ऑनलाइन डिमांड खोल दिया गया है जो गलत है । आवेदन में बताया गया है कि ओरिजनल केवाला संख्या 9681 दिनांक 31 दिसंबर 1979 में खाता संख्या 100 के प्लॉट 130 व 188 दर्ज हैं । लेकिन एकतरफा सुधारनामा कर अभिलेखों में हेरफेर किया गया । इसी आधार पर केवाला धारी लगान रसीद दिखाकर जमीन पर दखल-कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं । इसके अलावा पुराना प्लॉट 311 व नया प्लॉट 422 से संबंधित केवाला दिनांक 22 जुलाई 1986 का ऑफलाइन डिमांड अब तक नहीं खुला है । जिसे खोलने के लिए केवालाधारी के वंशजों ने अंचलाधिकारी को आवेदन दिया है । इसको लेकर दोनों पक्ष में विवाद गहरा गया है । आवेदनकर्ताओं का कहना है कि खाता संख्या 100/213 के सभी प्लॉटों का कुल रकबा 4.98 एकड़ भूमि खतियानी रैयत बंधन दुसाध, देवचंद और सोहराय राम के नाम से दर्ज है जिसके वे वंशज हैं । उनका आरोप है कि केवालाधारी पहले बटाईदार थे, लेकिन गलती से नए सर्वे में प्लॉट 387 में 27 डिसमिल भूमि उनके नाम अवैध रूप से दर्ज हो गई । मामले में एक अन्य विवाद वर्ष 1970 के केवाला संख्या 17665 दिनांक 3 सितंबर 1970 से जुड़ा है, जिसे जिला दंडाधिकारी द्वारा 2 दिसंबर 1970 को रद्द कर दिया गया था । आरोप है कि इसके बावजूद प्रभावशाली केवालाधारियों ने रजिस्टर टू से डिमांड रद्द नहीं होने का फायदा उठाकर अब तक जमीन की खरीद-बिक्री करते रहे हैं, जबकि जमीन पर वास्तविक कब्जा खतियानी रैयतों का ही है । आवेदनकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि रद्द केवाला और गलत सुधारनामा के आधार पर डिमांड खोलकर जमीन पर कब्जा कराने का प्रयास हुआ, तो क्षेत्र में तनाव और मारपीट की स्थिति बन सकती है । उन्होंने अंचल प्रशासन से मांग की है कि जांचोपरांत सभी विवादित डिमांड पर अविलंब रोक लगाई जाए और रद्द केवाला को रजिस्टर टू से हटाया जाए । मांग करने वालों में राजेश पासवान, रामाशीष पासवान, अंचला कुमार, संगीता देवी, विमला देवी, सोनम कुमारी, रवि रंजन कुमार और हिमांशु कुमार शामिल हैं । इस संबंध में पूछे जाने पर सीओ मनीष सिन्हा ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है जांचोपरांत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply