मेदिनीनगर (पलामू)
दिल्ली स्थित तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 15 एवं 16 दिसंबर को आयोजित होने वाली 36वां नेशनल जीत-कुन्डो चैम्पियनशिप में संत मरियम विद्यालय के चार चयनित मार्शल-आर्ट्स खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से उज्जवल राज, हर्ष मेहता, आदित्य वर्धन एवं आयान सिद्धकी प्रतिभाग करेंगे।
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता द स्पोर्ट्स जीत-कुन्डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से मार्शल-आर्ट्स खिलाड़ी भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली संत मरियम विद्यालय की टीम मुख्य मार्शल-आर्ट्स प्रशिक्षक क्योन्शि डॉ. संतोष कुमार के नेतृत्व में 14 दिसंबर को दिल्ली के लिए रवाना होगी। टीम मैनेजर के रूप में शमशेर अंसारी को नियुक्त किया गया है।
टीम के प्रस्थान से पूर्व विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव, उप प्राचार्य एस. बी. शाहा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए रवाना किया। इस अवसर पर श्री देव ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, शहर एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे।

