नेशनल गतका टूर्नामेंट में पलामू के गतकबाजों ने जीते 6 पदक, स्वर्ण पदक पर जमाया कब्जा

मेदिनीनगर (पलामू)

हरियाणा के रतिया सिटी में आयोजित दसवीं सब-जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता में पलामू जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। इनमें स्वर्ण पदक भी शामिल है। पलामू के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड का मान बढ़ा है।

15 से 17 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय शूटर राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, पूर्व भाजपा सांसद सुनीता दुग्गल, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन बलजीत सिंह दादूवाल तथा पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया।

प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए पलामू जिले के विभिन्न विद्यालयों के 13 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में संत मरियम स्कूल के राजवीर पासवान, रोहित कुमार और आर्यन कुमार ने अंडर-11 सिंगल सोती इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं, संत मरियम स्कूल के कुशाग्र शुक्ला ने अंडर-11 टीम डेमो में कांस्य पदक हासिल किया।

इसी क्रम में द कराटे एकेडमी के प्रियांशु कुमार ने अंडर-14 डेमो इवेंट में कांस्य पदक जीता, जबकि ओरिएंट पब्लिक स्कूल के सूरज कुमार ने अंडर-11 डेमो इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया। इस प्रकार पलामू के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर कुल छह पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

पलामू गतका संघ के जिला अध्यक्ष सोनू सिंह नामधारी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना पलामू के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

वहीं, जिला सचिव सुमित वर्मन ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि 13 खिलाड़ियों में से छह पदक हासिल करना पलामू के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह सफलता जिले में गतका खेल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की प्रतिभा को दर्शाती है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी मेहनत और लगन के साथ अभ्यास जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पलामू गतका संघ के उपाध्यक्ष गुरबीर सिंह, मन्नत बग्गा, बबलू चावला, अमरेश कुमार मेहता और मृत्युंजय कुमार ने बधाई दी।

पलामू के खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले में खेल प्रेमियों के बीच खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के लिए स्वर्ण पदक जीतने में पलामू के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।

Leave a Reply