सरईडीह (लातेहार)
दुर्गा पूजा को लेकर सरईडीह शिव मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, पूजा समिति को दिए आवश्यक निर्देश
बरवाडीह। दुर्गा पूजा के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में बरवाडीह एसडीपीओ वीरेंद्र राम एवं अंचलाधिकारी लवकेश सिंह ने सरईडीह स्थित शिव मंदिर परिसर में पहुंचकर दुर्गा पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पूजा समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, आवागमन सुचारु रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सतर्कता बरतने पर जोर दिया। साथ ही पूजा समिति को सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विशेष ध्यान देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा।
अधिकारियों ने पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के अवसर पर सभी लोग आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकें।
इस मौके पर पूजा समिति को किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।

