हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती सरसोत गांव स्थित पंचायत सचिवालय परिसर में बुधवार को पुलिस द्वारा जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचलाधिकारी मनीष कुमार सिन्हा ने किया । मौके पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डायन बिसाही को लेकर आए दिन आपसी रंजिश तथा मारपीट की घटनाएं होती है। जो सामाजिक विद्वेष को बढ़ाने के साथ ही कानून व्यवस्था की समस्याएं खड़ी करती है। उन्होंने कहा कि डायन,भूत, प्रेत वास्तविक नहीं बल्कि भ्रम है। कुछ धूर्त लोग भोले भाले ग्रामीणों को बेवकूफ बनाकर ठगते हैं। लोगों को इससे बचना चाहिए। इसके साथ ही थाना प्रभारी ने माब लिंचिग के खिलाफ बने कानून, नशाखोरी से नुकसान तथा सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जानकारी दी। वहीं अंचलाधिकारी ने कहा कि अंचल कार्यालय पर प्रत्येक शनिवार को जनसमाधान दिवस मनाया जाएगा। जिसमें जमीन विवाद सहित अन्य समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। कार्यक्रम को मुखिया विनय कुमार सिंह,फुटुक सिंह, पूर्व मुखिया सुरेश चौधरी,जेएसएलपीएस की जेंडर सीआरपी ममता देवी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर एसआई संतोष कुमार,पथरा पिकेट प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह, एएसआई सुनील कुमार, शिव बैठा, अरूण कुमार सिंह,वार्ड पार्षद जितेंद्र प्रजापति, सुरेंद्र सिंह, बालकुमार राम, पंचायत सेवक मुखदेव राम, सोनाली प्रिया, संजू देवी, कविता कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिला -पुरूष ग्रामीण उपस्थित थे।

