वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर श्रद्धा से किया गया सामूहिक गायन

बारियातू (लातेहार)

राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर एवं परियोजना प्लस टू उच्च विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में पलामू विभाग संघचालक जानकी नंदन राणा एवं प्रधानाचार्य जितेंद्र राम ने भारत माता के चित्र के समीप दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मौके पर पलामू विभाग संघचालक जानकी नंदन राणा ने वंदे मातरम के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण की भावना का प्रतीक है। इस गीत ने देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना और एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और देशहित की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वहीं परियोजना प्लस टू उच्च विद्यालय में विद्या भारती के बैनर तले सह जिला कार्यवाह सत्येंद्र प्रसाद एवं आचार्य शशि सिंह के नेतृत्व में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान सह जिला कार्यवाह सत्येंद्र प्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वंदे मातरम भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को अभिव्यक्त करता है। विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्य रुपेश कुमार साव, उमेश सिंह, दिनेश दुबे सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थि थे

Leave a Reply