हरिहरगंज ( पलामू )
एनडीआरएफ की टीम ने सोमवार को बटाने नदी से राजू चन्द्रवंशी उर्फ टेनी (30) का शव बरामद किया। मृतक सीमावर्ती बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहेता हेमजा गांव निवासी स्वo जगनारायण सिंह चन्द्रवंशी का पुत्र था । जो औरंगाबाद में रहकर आटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। बीते शनिवार को मृतक अपने अन्य साथियों के साथ पिकनिक मनाने हरिहरगंज आया था। इस दौरान थाना क्षेत्र के डेमा पउरा पर गांव के बेलघटी के समीप राजू तथा रितिक दोनों बटाने नदी में डूब गए थे। इनमें रितिक का शव रविवार को बरामद किया गया था। जबकि राजू का शव घटना के दो दिन बाद स्थानीय प्रशासन की सूचना के बाद पलामू उपायुक्त के पहल पर बिहार के पटना से ददन सिन्हा के नेतृत्व में पहुंची 30 सदस्यीय एनडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर हरिहरगंज के सियरभूंका गांव के समीप बटाने नदी के तेज बहाव के बीच में मूंज की झाड़ी में फंसे शव को काफी मशक्कत के बाद एयरबोट की सहायता से नदी से बाहर निकाला । बाद में पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए मेदिनीनगर भेज दिया। उधर शव बरामद होते ही पत्नी रूबी , पुत्र जिज्ञांसु, रूद्र, वृद्ध माता सहित अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। नदी से शव निकाले जाने के दौरान सीओ मनीष कुमार सिन्हा, बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार, सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन, अखिलेश मेहता, रंजन कुमार, मृत्युंजय सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

