हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा पउरा पर गांव के बेलघटी के समीप बटाने नदी में नहाने के दौरान डूबे एक युवक का शव रविवार की सुबह बरामद हुआ है । मृतक की पहचान बिहार के बोधगया के खरौना गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है। मृतक औरंगाबाद में रहकर व्यापार करता था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतु भेज दी है। जबकि नदी में डूबे दूसरे युवक राजू कुमार चन्द्रवंशी उर्फ टेनी का शव अभी तक नहीं मिल पाया है। हालांकि खोजबीन की जा रही है। मालूम हो कि शनिवार को औरंगाबाद से पिकनिक मनाने आए युवकों की टोली में तीन लोग नहाने के दौरान नदी के गहरे पानी में डूब गए थे । जिसमें स्थानीय लोगों की मदद से राजेन्द्र साव नामक युवक को पानी से निकालकर तत्काल इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था। वहीं नदी में डूबे दो युवकों में रितिक तथा राजू की तलाश की जा रही थी। इनमें रितिक का शव रविवार की सुबह बटाने नदी पर नवनिर्मित पुल के समीप से बरामद किया गया। घटनास्थल पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार,एसआई कुमार सौरभ पुलिस बल के साथ मौजूद थे। थाना प्रभारी ने बताया कि नदी में डुबे युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है। वहीं नदी में डूबे राजू चंद्रवंशी का शव 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बरामद नहीं हो सका है। वहीं शव मिलने की आशा में राजू की पत्नी रूबी गुप्ता, दो पुत्र 7 वर्षीय जिज्ञांशु सिंह ,3 वर्षीय रूद्र सिंह, वृद्ध मां, चाची व अन्य परिजन नदी किनारे काफी देर तक रोते बिलखते रहे। मालूम हो कि सीमावर्ती बिहार के अंबा थाना के बरहेता हेमजा गांव निवासी राजू उर्फ टेनी का रूबी गुप्ता के साथ प्रेम विवाह हुआ था। पत्नी ने बताया कि उसके पति औरंगाबाद में रहकर टेम्पो चलाकर भरण पोषण करते थे। घटना के संबंध में टेनी के साथ आए किसी व्यक्ति ने उन लोगों को जानकारी नहीं दी। अब सिर्फ रेस्क्यू टीम पर ही भरोसा है। बाद में स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें समझा बुझाकर सभी को घर वापस भेजा गया।

