हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के रक्सेल तेंदुआ गांव के समीप हरिहरगंज बाईपास रोड पर शुक्रवार की देर शाम हुई सड़क दुर्घटना में एक ही बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बिहार के औरंगाबाद जिले के नबीनगर थाना अंतर्गत फुलडीहा ग्राम निवासी 18 वर्षीय पवन कुमार, 17 वर्षीय रोहित कुमार तथा 15 वर्षीय विनय कुमार शामिल है। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कौआखोह से हरिहरगंज की ओर जा रहे थे। एनएचएआई के एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया । जहां प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर गोपाल प्रसाद ने बताया कि घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

