हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज व पिपरा प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सावन पूर्णिमा के अवसर पर मनाए जाने वाले भाई -बहन के अटूट प्रेम के इस प्रतीक पर्व पर घरों में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की । वहीं भाईयों ने भी बहनों को उपहार दिए और उनकी रक्षा का संकल्प लिया। क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। पिपरा प्रखंड के पुनपुन उद्गम स्थल कुंड पर अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। त्योहार को लेकर हरिहरगंज बाजार में भी काफी रौनक देखी गई। राखी, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। दूर -दराज रहने वाले भाई बहन भी राखी का पर्व मनाने के लिए अपने घरों पर पहुंचे।

