बारियातू (लातेहार)
बरियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बारियातू में रक्षाबंधन उत्सव गुरुवार को हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य जितेंद्र राम एवं आचार्य शशि कुमार सिंह ने मां सरस्वती, ओउम् एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान विद्यालय के बहनों ने भाइयों के मस्तक पर तिलक लगाकर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा तथा उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों के मान-सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लिया। वीणा दीदी ने मधुर एवं मनमोहक गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
प्रधानाचार्य जितेंद्र राम ने अपने बौद्धिक में रक्षाबंधन के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सुरक्षा, भाईचारा, महिला सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला उत्सव है। यह सामाजिक भेदभाव को कम कर एकता एवं सौहार्द का संदेश देता है।
मंच संचालन सोनाली कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शशि कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

