बरियातू- सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

बारियातू (लातेहार)

सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर सोमवार को बारियातू प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीराम मंदिर शिवालय, देवी मंडप व विश्वकर्मा मंदिर सहित डाढ़ा, फुलसू, बालूभांग, गोनिया, जबरा, साल्वे, टोटी और अमरवाड़ी के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से शिवालय गूंजते रहे।
इधर, बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के भैया-बहनों ने सावन की अंतिम सोमवारी पर कांवड़ यात्रा निकाली। विद्यालय परिसर से कांवड़ यात्रा शुरू होकर महावीर मंदिर परिसर पहुंची, जहां बच्चों ने जल भरा। इसके बाद कांवड़ लेकर श्रद्धालु भैया-बहन श्रीराम मंदिर प्रांगण स्थित शिवालय पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
कांवड़ यात्रा में छोटे-छोटे भैया-बहनों ने कांवड़ लेकर बोल बम और हर-हर महादेव का जयघोष किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा में विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र राम, सह जिला कार्यवाह सत्येंद्र प्रसाद, आचार्य शशि सिंह, नितिश कुमार, बिट्टू कुमार, वीणा देवी, खुशबू कुमारी, सपना कुमारी, सोनल कुमारी और कृतिका कुमारी सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Leave a Reply