बारियातू (लातेहार)
बरियातू प्रखंड के साल्वे पंचायत अंतर्गत बारिखाप गांव में कड़रका नदी के समीप स्थित खेल मैदान में शुक्रवार को आदिवासी युवा क्लब बारिखाप के तत्वावधान में फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच में सरना क्लब
कल्याणपुर टंडवा ने तूफान क्लब करमाही को दो गोल से हराकर जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट का उद्घाटन आजसू के केंद्रीय सचिव जितेंद्र सिंह, साल्वे पंचायत मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष राजीव भगत, आजसू बालूमाथ प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव, हेरहंज प्रखंड विधायक प्रतिनिधि सह समाजसेवी संदीप भगत, सदर पंचायत के पूर्व मुखिया प्रमोद उरांव, आजसू प्रखंड अध्यक्ष विनोद राम, प्रदेश प्रभारी प्रभात सिंह, जिला प्रवक्ता संजीव गुरु, जिला प्रभारी मुकेश यादव, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बिट्टू सिंह, कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष विकास लोहारा, आजसू नेता कृष्णा मिश्रा, बारिखाप के समाजसेवी रामलाल भगत एवं दृष्टि आवासीय विद्यालय के प्राचार्य नीतिश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और गेंद को किक मारकर किया।
उद्घाटन मैच तूफान क्लब करमाही और सरना क्लब कल्याणपुर टंडवा के बीच खेला गया। शुरुआत से ही सरना क्लब के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने तूफान क्लब करमाही को दो गोल से पराजित कर प्रतियोगिता में विजयी आगाज किया।
टूर्नामेंट के अध्यक्ष सुजीत उरांव, सचिव कृष्णा पाहन और कोषाध्यक्ष बिपिन उरांव ने बताया कि प्रतियोगिता में लातेहार के अलावा चतरा, रांची, हजारीबाग समेत विभिन्न जिलों की कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को दो खस्सी, शील्ड एवं पांच हजार रुपये नकद, उपविजेता टीम को दो खस्सी, शील्ड एवं तीन हजार रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक खस्सी, शील्ड एवं दो हजार रुपये तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक खस्सी, शील्ड एवं एक हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

