धनबाद राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता में पलामू के 50 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

भोपाल एक्सप्रेस से धनबाद रवाना हुई पलामू की टीम

मेदिनीनगर (पलामू)

पलामू जिला गतका संघ के 50 खिलाड़ी झारखंड राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुक्रवार को धनबाद रवाना हुए। सभी खिलाड़ी भोपाल एक्सप्रेस से धनबाद के लिए रवाना हुए।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 22 एवं 23 अगस्त 2026 को संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल, हीरक रोड, धनबाद में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 एवं अंडर-25 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

पलामू जिला गतका संघ के सचिव सुमित वर्मन के निर्देशन में टीम धनबाद के लिए रवाना हुई। खिलाड़ियों के साथ संघ के सह-सचिव दीपक तिवारी एवं दीपेंद्र सिंह तथा सदस्य मृत्युंजय कुमार भी रवाना हुए।

खिलाड़ियों को शुभकामना देने के लिए पलामू जिला गतका संघ के उपाध्यक्ष बबलू चावला रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पलामू का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

सुमित वर्मन ने कहा कि जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पलामू का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने की अपील की गई।

प्रतियोगिता में संत मरियम स्कूल, गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, ब्राइट लैंड स्कूल, ओरिएंट पब्लिक स्कूल एवं द कराटे एकेडमी के खिलाड़ी पलामू का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पलामू जिला गतका संघ को उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।

Leave a Reply