हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े बालू माफियाओं में हड़कंप है। पथरा पुलिस पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रजवार गांव में बालू डंपिंग करते एक ट्रैक्टर को पकड़ा। इस दौरान पुलिस और बालू कारोबार से जुड़े लोगों के बीच झड़प होने की भी सूचना है। पुलिस द्वारा बल प्रयोग कर ट्रैक्टर को जब्त किए जाने के बाद बालू कारोबारी मौके से फरार हो गए। वहीं हरिहरगंज थाना के एएसआई श्याम भगत ने अररूआ खुर्द में अवैध रूप से बालू परिवहन करते एक अन्य ट्रैक्टर को जब्त किया। दोनों मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार ने बताया कि एक जब्त ट्रैक्टर को पथरा पुलिस पिकेट तथा दूसरे को हरिहरगंज थाना में रखा गया है। दोनों मामलों में अग्रेतर कार्रवाई के लिए खनन पदाधिकारी को प्रतिलिपि भेजी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

