सोना-सोबरन योजना में धीमे वितरण पर मेदिनीनगर एमओ को फटकार
मेदिनीनगर (पलामू)
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान NFSA, JSFSS, राशन कार्ड, धान अधिप्राप्ति, CMR जमा, चना-दाल वितरण एवं सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लूंगी योजना की प्रगति की समीक्षा की गयी।
उपायुक्त श्री शेखावत ने निर्देश दिया कि अयोग्य राशन कार्ड हटाए जाने के अनुरूप नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त पात्र आवेदनों का सत्यापन कर नियमानुसार शीघ्र नया राशन कार्ड जारी किया जाए, ताकि कोई पात्र व्यक्ति राशन की सुविधा से वंचित न रहे।
सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लूंगी योजना की समीक्षा में मेदिनीनगर के मार्केटिंग ऑफिसर द्वारा अब तक 80 प्रतिशत वितरण किए जाने पर डीसी ने नाराजगी जताते हुए फटकार लगायी।उन्होंने शेष पात्र लाभुकों के बीच शीघ्र वितरण कर शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने खाद्यान्न वितरण एवं डोर स्टेप डिलीवरी की नियमित मॉनिटरिंग करने, चना-दाल का समय पर वितरण एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण करने को कहा। धान अधिप्राप्ति एवं CMR जमा में तेजी लाने तथा राइस मिलों से समय पर CMR प्राप्त करने का भी निर्देश दिया।
गोदाम व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने जहां जन सेवक गोदाम का प्रभार संभाल रहे हैं, वहां संबंधित एमओ को एजीएम का अतिरिक्त प्रभार देने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार एजीएम सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

