बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड के छिपादोहर स्थित चिल्ड्रन पैराडाइज पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया और पदक जीतकर विद्यालय सहित क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सीनाक्षी कुमारी और इशंक अतुल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं आर्यन गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पदक विजेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की प्रिंसिपल ललिता तिर्की ने कहा कि विद्यार्थियों ने कराटे चैंपियनशिप में अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना भी विकसित करता है। विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित करता है।
विद्यालय की ओर से बताया गया कि कराटे के मुख्य प्रशिक्षक मदन लाल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की थी। उनके प्रशिक्षण में छात्रों ने कड़ी मेहनत करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय परिवार ने पदक विजेता तीनों विद्यार्थियों और उनके प्रशिक्षक को बधाई दी। साथ ही उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। मौके पर विद्यालय अध्यक्ष डॉ सुशील कुमार, कोषा अध्यक्ष सुनील गुप्ता, उप प्रिंसपल सुनील सिंह,के साथ विद्यालय परिवार और अभिभावक मौजूद थे।

