सामाजिक सरोकारों के अमिट हस्ताक्षर थे दिनेश प्रजापति,

उनकी एकता और समर्पण को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : अविनाश देव

मेदिनीनगर (पलामू)

रांची निवासी एवं समाजसेवी दिनेश प्रजापति के आकस्मिक निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संत मरियम स्कूल के चेयरमैन तथा झारखंड सरकार के माटी कला बोर्ड के निवर्तमान सदस्य अविनाश देव ने उन्हें सामाजिक वैचारिक प्रतिबद्धता का अमिट हस्ताक्षर बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि दिनेश प्रजापति का 17 जुलाई को दिल्ली में हृदयाघात से निधन हो गया था, जबकि 18 जुलाई को हरमू मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

श्रद्धांजलि सभा में अविनाश देव ने दिवंगत दिनेश प्रजापति के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि 27 जनवरी 2019 को धुर्वा स्थित शहीद मैदान में आयोजित ऐतिहासिक कुम्हार महापंचायत को सफल बनाने में दिनेश प्रजापति की भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य कार्यालय और समन्वय समिति के गठन का उनका अधूरा सपना समाज के सहयोग से अवश्य पूरा किया जाएगा।

अविनाश देव ने कहा कि समाज के प्रति समर्पण, संगठन के प्रति अटूट निष्ठा, सहज व्यवहार और सदैव मुस्कुराता चेहरा दिनेश प्रजापति की पहचान थी। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक कार्य, जनप्रतिनिधियों से मुलाकात या संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए दिनेश जी हमेशा तत्पर रहते थे और कभी मना नहीं करते थे।

उन्होंने दिवंगत के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही घोषणा की कि समाज के सहयोग से दिनेश प्रजापति की स्मृति में एक प्रतिमा स्थापित करने तथा उनके जीवन और योगदान पर आधारित संस्मरण स्मारिका प्रकाशित करने का प्रयास किया जाएगा। अंत में, उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply