हरिहरगंज (पलामू)
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठी चार्ज लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है। केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और उनके आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उक्त बातें समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश कुमार यादव ने शुक्रवार को बेलौदर स्थित अपने आवास पर प्रेस वार्ता में कही । उन्होंने कहा कि बीते 22 जून से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुंग को जबरन हटाया गया । वहीं संवैधानिक तरीके से मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि देश में 150 से अधिक परीक्षा पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य अंधकारमय हुआ है। बावजूद शिक्षा मंत्री इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। समाजवादी नेता ने कहा कि जंतर-मंतर पर अपने भविष्य और कैरियर की लड़ाई लड़ रहे छात्रों के साथ इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती से खड़ा है। वहीं झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिला, छात्र, किसान और व्यवसायी कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से युवाओं और छात्रों के समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। मौके पर कामेश्वर पासवान, अरविंद सिंह, अखिलेश यादव, संजीत कुमार पासवान, मुन्ना शर्मा, विजय कुमार यादव, मिथलेश यादव, विजय चौधरी, नरेश यादव सहित कई लोग उपस्थित थे।

