लातेहार – मुहर्रम पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर…

लातेहार (झारखंड)

आगामी मुहर्रम पर्व को जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-सम्मत तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि लातेहार जिला हमेशा से आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल रहा है। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी आयोजन पूर्व निर्धारित मार्गों एवं समय-सारणी के अनुसार ही संचालित किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव ने बैठक में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्व के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है। सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा गश्ती दलों की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की विधि-विरुद्ध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री को साझा न करें। ऐसी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में सूचना देने के लिए जिले स्तर पर 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565–247981 पर अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 08987796308 पर कॉल कर सूचना को साझा किया जा सकता है। साथ ही साईबर सेल के मोबाइल नंबर 6206159795 पर अथवा 112 पर कॉल कर सूचना साझा कर सकते हैं।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों द्वारा विभिन्न सुझाव दिए गए। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री प्रवेश अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती पूनम देवी, उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता श्री सलमान जफर खिजरी, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, अनुमंडल पदाधिकारी,लातेहार श्री दिनेश कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ श्री सुलेमान मुंडरी,जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती मैरी मढ़की,जिला परिवहन पदाधिकारी श्री उमेश मंडल,जिला खनन पदाधिकारी नदीम सैफी,सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मनिका विधायक प्रतिनिधि श्री हरिशंकर प्रसाद यादव,जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी , जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी,संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता, विभिन्न थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply