मेदिनीनगर (पलामू)
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मेदिनीनगर नगर निगम की 93 लाख की एक सड़क योजना में डब्लू सिंह नाम से प्रशासनिक स्वीकृति दिए जाने पर सवाल उठाये हैं और बदलने का निर्देश उपायुक्त को दिया है। मंत्री शुक्रवार को पलामू परिसदन में पत्रकारों से बात कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि डब्लू सिंह के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ऐसे लोगों के नाम से सड़क निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति दिए जाने से ऐसे तत्वों का महत्व ज्यादा बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें डब्लू सिंह से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन चिंता इस बात की है कि नगर निगम किस आधार पर ऐसे लोगों के नाम से सड़क निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति देता है।
अगर देना ही था तो डब्लू सिंह के माता-पिता के नाम से या किसी अन्य रिश्तेदार के नाम से स्वीकृति दी जा सकती है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उल्लेखनीय है नगर निगम ने डब्लू सिंह के घर से मेडिकल कॉलेज तक सड़क निर्माण की स्वीकृति दी थी। सड़क का निर्माण भी पूरा कर दिया है।
मंत्री ने कहा कि एक तरफ राज्य में हमारी सरकार का लक्ष्य है कि पूरे इलाके में शांति और सुरक्षा व्यवस्था स्थापित हो। उग्रवाद-अपराध मुक्त हो, इसके लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
सरकार यह भी जानती है कि सामाजिक-आर्थिक उन्नति तभी होगी, जब शांति और सुरक्षा कायम होगा। लेकिन अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को महिमामंडित करने से सरकार के प्रयास को झटका लगेगा।

