हरिहरगंज ( पलामू )
शहर के नयन होटल में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद प्रतिनिधि सह भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि क्षेत्र की बिजली समस्या को लेकर मेदिनीनगर के विद्युत महाप्रबंधक से तीन प्रमुख मांगें रखी गई थीं । इसमें ढकचा, सलैया व सरसोत पंचायत को नौडीहा के मायापुर पावर सब स्टेशन से जोड़ने, हरिहरगंज सब स्टेशन में 10 एमवीए ट्रांसफार्मर लगाने तथा मायापुर व रुदवा पावर सब स्टेशन चालू करने की मांग शामिल थी । उन्होंने बताया कि मायापुर सब स्टेशन से तीनों पंचायतों को जोड़ने के लिए मंगलवार से पोल गाड़ने का कार्य शुरू हो गया है. इस पर सांसद प्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ताओं ने विद्युत महाप्रबंधक के प्रति आभार जताया । कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में लोगों को काफी कम बिजली मिल पाती थी, लेकिन अब आपूर्ति में सुधार होगा । प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश मेहता, मृत्युंजय सिंह, शंभू यादव, शंभू सिंह, संजय जायसवाल, दिनेश पासवान, पूर्व मंडल अध्यक्ष विमलेश यादव सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे ।

