हरिहरगंज – वैद्य बिगहा में अज्ञात युवक का शव बरामद, सिर व चेहरे पर धारदार हथियार के निशान, जांच में जुटी पुलिस

हरिहरगंज ( पलामू )

हरिहरगंज नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 7 वैद्य बिगहा मुहल्ला में शनिवार को करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई । शव मिलने की सूचना पर मौके पर आसपास के लोगों की काफी भीड़ जुट गई । युवक का शव आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे जमीन पर पड़ा हुआ था । मृतक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार के गहरे जख्म के निशान मिले हैं । घटनास्थल पर खून के धब्बे भी बिखरे हुए थे । इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या की गई है । सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी । पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि युवक के सिर और चेहरे पर करीब छह जगहों पर धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले हैं । प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है । शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है । थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेज दिया गया है । पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है ‌। मौके पर एसआई संतोष कुमार, कुमार सौरभ, अविनाश कुमार एएसआइ सुनील कुमार, विनोद कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे । घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है । वहीं पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है ।

Leave a Reply