लातेहार में आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास को लेकर पुलिस की पहल, लाभ योजनाओं की दी जानकारी

लातेहार (झारखंड)

लातेहार जिले के छिपादोहर थाना परिसर में सोमवार को आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों और उनके परिजनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें आत्मसमर्पित नक्सलियों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं और उनके समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास के तहत कई प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इनमें पांच लाख रुपये का बीमा कवर शामिल है, जबकि उनके चार परिजनों को एक-एक लाख रुपये का बीमा दिया जाएगा। इसके अलावा, उनके बच्चों की बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा प्रति वर्ष 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सरकार द्वारा आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के उद्देश्य से आवास की सुविधा भी दी जाएगी। उन्हें घर बनाने के लिए चार डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, साथ ही सरकारी आवास योजना का लाभ भी दिया जाएगा। इतना ही नहीं, शादी-विवाह जैसे सामाजिक कार्यों में भी सरकार आर्थिक सहयोग प्रदान करेगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि झारखंड सरकार आत्मसमर्पित नक्सलियों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए गंभीर है और पुलिस इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से योजनाओं का पूरा लाभ उठाने और शांतिपूर्ण जीवन जीने की अपील की।
इस अवसर पर बरवाडीह बीडीओ रेशमा रेखा मिंज, एसडीपीओ भरत राम, थाना प्रभारी यकीन अंसारी सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में आत्मसमर्पित नक्सली और उनके परिजन भी शामिल हुए।

Leave a Reply