लातेहार के युवा इंजीनियर विनीत शाहदेव ने बढ़ाया राज्य का मान, पुस्तक के जरिए युवाओं को दे रहे नई दिशा

बारियातू (लातेहार)

बारियातू प्रखंड अंतर्गत ग्राम फुलसू निवासी युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनीत शाहदेव (पिता लाल संजय नाथ शाहदेव) ने अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से न केवल अपने क्षेत्र बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी पुस्तक “डिजिटल फुटप्रिंट फॉर सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स” के माध्यम से तकनीकी क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल की है। हाल ही में उन्होंने भारत सरकार में रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय सेठ से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें अपनी पुस्तक भेंट की।
विनीत शाहदेव की प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, लातेहार से हुई है। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। वर्तमान में वे सैन फ्रांसिस्को, अमेरिका स्थित एक एआई स्टार्टअप में एआई रिसर्च और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग का नेतृत्व कर रहे हैं।
विनीत वैश्विक स्तर पर गिटहब स्टार के रूप में प्रसिद्ध हैं और तीन बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जो भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है और छात्रों को वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करती है।
उनकी पुस्तक “डिजिटल फुटप्रिंट फॉर सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स” विशेष रूप से इंजीनियरिंग छात्रों और सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल्स को ध्यान में रखकर लिखी गई है। इसमें आधुनिक तकनीकी कौशल, इंडस्ट्री की जरूरतों और करियर निर्माण के व्यावहारिक पहलुओं को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक अमेज़न और फ्लिपकार्ट जैसे प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है और युवाओं के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शक साबित हो रही है।
इस पहल का सबसे सराहनीय पक्ष यह है कि पुस्तक से प्राप्त होने वाली समस्त रॉयल्टी कैंसर मरीजों के इलाज के लिए दान की जाएगी। यह राशि देश के प्रतिष्ठित कैंसर संस्थान टाटा मेमोरियल अस्पताल को समर्पित की जाएगी।
लातेहार जिले के इस प्रतिभाशाली युवा ने यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply