मेदिनीनगर (पलामू)
जिला के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में अपहरण के बाद एक युवक की हत्या हुई है. शनिवार की रात युवक का रेडमा के समदा आहर के पास से अपहरण हुआ था और रविवार को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से युवक का शव बरामद हुआ है. युवक की पहचान विनीत तिवारी के रूप में हुई है.
पड़ोसी पर लगा था अपहरण का आरोप
अपहरण का आरोप विनीत के पड़ोस में रहने वाले प्रदीप तिवारी और उसके भाई पर लगा था, जो फिलहाल दोनों फरार चल रहे हैं. शव बरामद होने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और पूरे मामले में छानबीन शुरू कर दी. पलामू एसपी कपिल चौधरी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले में छानबीन की है. इस दौरान स्निफर डॉग के माध्यम से भी अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया गया है. इधर, घटना से नाराज लोगों ने रेडमा में रोड जाम कर दिया है.
जमीन विवाद की आशंका, एसपी ने दिया सख्त संदेश
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को भी एक संभावित कारण माना जा रहा है। एसपी ने साफ कहा कि जमीन विवाद के नाम पर अपराध को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले को हत्या, अपहरण और आपराधिक साजिश के एंगल से देखा जा रहा है।

