स्कूल बसों के बीच दर्दनाक हादसा, खलासी की मौके पर मौत, सभी छात्र सुरक्षित

मेदिनीनगर (पलामू)

एनएच 39 स्थित कधवन गांव में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में एक स्कूल बस के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार सभी स्कूली छात्र सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कधवन नाग बाबा स्थल के पास सनातन विद्या निकेतन और ज्ञानदीप स्कूल की बसें सड़क किनारे खड़ी होकर बच्चों को चढ़ा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक हाइवा (भारी वाहन) ने ज्ञानदीप स्कूल की बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर आगे खड़ी सनातन विद्या निकेतन की बस से जा टकराई।
इस अफरातफरी के बीच सड़क पर खड़े होकर छात्राओं को बस में बैठाने में लगे खलासी बस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी। कुछ देर के लिए सड़क जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही रेहला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया।
फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। मृतक की पहचान रेहला थाना क्षेत्र के डंडिला गांव निवासी के रूप में की गई है।
घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply